न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड शहर में शहीदी पखवाड़े की स्मृति में निकाले गए नगर कीर्तन के दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मेनुरेवा स्थित गुरुद्वारा नानकसर ठाठ ईश्वर दरबार द्वारा पौह माह के शहीदों को समर्पित नगर कीर्तन शांतिपूर्ण ढंग से आरंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सिख संगत ने भाग लिया। वापसी के समय ग्रेट साउथ रोड पर लगभग 80 से 100 उपद्रवी युवकों ने नगर कीर्तन का रास्ता रोक लिया। इन युवकों ने हाका नृत्य करते हुए नफरत भरे नारे लगाए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। जानकारी के अनुसार ये युवक एक विशेष समुदाय से जुड़े हैं, जो हाल के समय में विभिन्न धर्मों और समुदायों के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करते आ रहे हैं। नगर कीर्तन के आयोजकों ने संयम और समझदारी का परिचय देते हुए कुछ समय के लिए कीर्तन को रोक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर रास्ता साफ करवाया, जिसके बाद नगर कीर्तन बिना किसी बड़ी घटना के सुरक्षित रूप से गुरुद्वारा साहिब पहुंचा। इस घटना पर सुप्रीम सिख सोसायटी के प्रवक्ता एवं सिख एसोसिएशन न्यूज़ीलैंड के अध्यक्ष दलजीत सिंह होना ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
Please log in to comment.