इटली में गुरुद्वारा साहिब के बाहर अंधाधुंध फायरिंग, 2 सिख सेवादारों की मौत
इटली में खालसा पंथ के स्थापना दिवस को समर्पित नगर कीर्तन की तैयारियां सिख संगत द्वारा बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ की जा रही थीं, तभी बीती रात लोम्बार्डी क्षेत्र के बर्गामो जिले के कोवो शहर स्थित गुरुद्वारा साहिब माता साहिब कौर जी के प्रवेश द्वार के बाहर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में भारतीय मूल के दो सिख सेवादारों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इटली में भारतीय समुदाय में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी द्वारा 18 अप्रैल, शनिवार को खालसा पंथ के साजना दिवस के अवसर पर एक विशाल नगर कीर्तन आयोजित किया जाना था, जिसकी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। लेकिन नगर कीर्तन से एक दिन पहले, 17 अप्रैल की रात को जब संगत गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर अपने घरों की ओर जा रही थी, तभी अज्ञात हमलावरों ने बाहर निकल रहे दो सिखों पर गोलीबारी कर दी।
मृतकों की पहचान राजिंदर सिंह रम्मी (40) और गुरमीत सिंह (40) के रूप में हुई है, जो गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी से जुड़े सेवादार बताए जा रहे हैं। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इटालियन पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के चलते आज होने वाला नगर कीर्तन रद्द कर दिया गया है।
इस घटना से सिख समुदाय में गहरा दुख और आक्रोश है। हमले के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस जांच जारी है।
Sach tā par jāṇīai jā sach dhare piār ॥meaning: One is known as truthful only if one loves the Truth and lives by it.source: Sri Guru Granth Sahib Ji: Ang 468
Loading comments…