एक शाम मैं अपने एक मित्र के घर गया। वहाँ पहुँचा तो देखा कि उनकी पत्नी
एक शाम मैं अपने एक मित्र के घर गया। वहाँ पहुँचा तो देखा कि उनकी पत्नी अपने बेटे को पढ़ा रही थीं। मुझे देखकर वे मुस्कुराईं और चाय बनाने रसोई में चली गईं। इतने में उनका बेटा अपनी कॉपी लेकर मेरे पास आकर बैठ गया।
मैंने स्नेह से पूछा, "क्या लिख रहे हो बेटा?"
उसने हल्की उदासी के साथ कहा, "मम्मी ने कहा है कि मैं अपनी दस बुरी आदतें लिखूँ, ताकि उन्हें सुधार सकूँ।"
मैंने उसकी कॉपी देखी। वह तीन बातें लिख चुका था... सुबह देर से उठना, लंच बॉक्स का खाना पूरा न खाना और काम को टालते रहना। उसके चेहरे पर निराशा साफ दिखाई दे रही थी।
मैंने धीरे से उसकी कॉपी अपने हाथ में ली, अब तक लिखा हुआ मिटाया और उसी पन्ने पर दो कॉलम बना दिए। एक पर लिखा "मेरी अच्छी आदतें" और दूसरे पर "मेरी बुरी आदतें"।
फिर मैंने मुस्कुराकर कहा, "बेटा, जीवन केवल कमियाँ देखने का नाम नहीं है। पाँच अच्छी आदतें लिखो और पाँच बुरी भी।"
बस, इतना सुनते ही उसके चेहरे पर मुस्कान खिल उठी। उसने बड़े उत्साह से अपनी अच्छी आदतें लिखनी शुरू कर दीं... बड़ों का सम्मान करना, साफ-सफाई रखना, समय पर पढ़ाई करना, सुंदर लिखावट, सबकी मदद करना... कुछ ही मिनटों में अच्छाइयों वाला कॉलम भर गया। इसके बाद उसने पूरी ईमानदारी से अपनी पाँच बुरी आदतें भी लिख दीं।
इतने में भाभी जी चाय लेकर आ गईं। मैंने सहजता से पूछा, "आपने इसे सिर्फ अपनी बुरी आदतें लिखने के लिए ही क्यों कहा?"
उन्होंने तुरंत शिकायतों की सूची खोल दी... "बहुत आलसी है, काम टालता है, बहाने बनाता है, समय बर्बाद करता है..."
मैंने विनम्रता से कहा, "ठीक है, अब इसकी दस अच्छी आदतें भी बताइए।"
वे कुछ क्षण के लिए चुप हो गईं। फिर सोचकर एक-एक करके बताने लगीं...
"सुबह उठकर सबसे पहले बड़ों के चरण स्पर्श करता है..."
"अपनी किताबें और सामान हमेशा व्यवस्थित रखता है..."
"मानसिक गणना बहुत तेज है..."
"झूठ नहीं बोलता..."
"सबका सम्मान करता है..."
कुछ ही देर में उन्होंने बच्चे की कई खूबियाँ गिना दीं।
सिर्फ दस मिनट में उस बच्चे के प्रति मेरा पूरा दृष्टिकोण बदल चुका था। कुछ देर पहले तक उसकी कमियों ने मेरे मन में उसकी एक तस्वीर बना दी थी, लेकिन जैसे ही उसकी अच्छाइयों को जाना, वह तस्वीर बदल गई।
यही जीवन का सबसे बड़ा सत्य है। इस संसार में कोई भी व्यक्ति पूर्णतः अच्छा या पूर्णतः बुरा नहीं होता। हर इंसान के भीतर गुण भी होते हैं और अवगुण भी। फर्क केवल इतना है कि हमारी नज़र किस पर टिकती है।
यदि हम केवल कमियाँ खोजते रहेंगे, तो व्यक्ति कभी आत्मविश्वास नहीं जुटा पाएगा। लेकिन यदि उसकी अच्छाइयों को पहचानेंगे, उन्हें सराहेंगे, तो वही अच्छाइयाँ धीरे-धीरे उसकी कमियों पर विजय पा लेंगी।
याद रखिए...
"जिस व्यक्ति की अच्छाइयों को पहचान लिया जाए, उसके लिए अपनी बुराइयों को बदलना कहीं अधिक आसान हो जाता है।"
इसलिए दूसरों की कमियों से पहले उनकी खूबियों को देखना सीखिए, क्योंकि सकारात्मक दृष्टिकोण ही व्यक्तित्व निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।
🌸 जीवन में सदैव सकारात्मक रहें, क्योंकि नज़रिया बदलते ही नज़ारे भी बदल जाते हैं। 🌸 :::
Loading comments…