शहीदी दिवस भाई तारू सिंह जी
भाई तारू सिंह जी गांव पूहला, जिला अमृतसर, के रहने वाले थे। वे खेतीबाड़ी करते थे और हर आने-जाने वाले जरूरतमंद की सेवा करते थे। हकूमत के जुल्मों के कारण जो सिंह आबादी से दूर जंगलों में रहते थे, समय-बे-समय उन तक भी राशन-पानी पहुंचा देते थे। कई बार रात-बिरात सिंह उनके घर आकर भी प्रसादा छक जाते थे। इस सेवा में भाई साहिब की बहन तारो और माता जी भी सहायक थीं। पूरा इलाका भाई साहिब जी का बहुत सत्कार करता था।
जंडियाला के रहने वाले हरिभगत निरंजनिया ने लाहौर के नवाब ज़करिया खान के पास भाई तारू सिंह जी की चुगली कर दी। ज़करिया ने लाहौर से पुलिस भेजी। जब पुलिस पूहला गांव पहुंची, उस समय भाई साहिब खेतों में काम कर रहे थे। एक व्यक्ति ने जाकर बताया, “तारू सिंह, पुलिस तुम्हें पकड़ने आई है, तुम इधर-उधर हो जाओ, हम संभाल लेंगे।” भाई साहिब ने हौसला देते हुए कहा, “हमने कोई गुनाह नहीं किया, छिपने की क्या जरूरत है?”
भाई साहिब स्वयं ही गांव आ गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही भाई साहिब की बहन को भी पकड़ लिया। गांव वालों ने मिन्नतें करके और पैसे देकर बहन तारो को छुड़ा लिया। तारू सिंह जी को पुलिस ले गई। कुछ दिन लाहौर जेल में रखने के बाद एक दिन उन्हें कचहरी में पेश किया गया। जाते समय भाई साहिब ने ज़ोर से फतेह बुलाई। ज़करिया ने कहा, “ओ सिखड़े, यह आनंदपुर नहीं, यहां सलाम किया जाता है।” भाई साहिब ने कहा, “गुर फतेह जगह की पाबंद नहीं होती।”
फिर ज़करिया ने कहा, “तेरी शिकायत आई है कि तू हकूमत के बागियों को पनाह देता है और उन्हें रोटी खिलाता है।” भाई साहिब ने कहा, “मैं कोई चोरी-डकैती नहीं करता। अपनी मेहनत करता हूं, तुम्हारा टैक्स पूरा देता हूं। अपनी मेहनत में से जो बचता है, वह जरूरतमंदों को छकाता हूं। तू भी चाहे तो आ जा। बाकी जिन्हें तुम अपनी नज़र में बागी कहते हो, मेरी नज़र में वे गुरु के सिख हैं और हमारे गुरु का हुक्म है कि सिखों की सेवा करनी है।”
नवाब ने कहा, “जब तूने जुर्म स्वीकार कर लिया है, तो इसकी सज़ा भी जानता होगा कि मौत है।” भाई साहिब ने कहा, “सिंह मौत से नहीं डरते।”
अब नवाब ने चाल बदली। मीठा और प्यार भरा बनकर बोला, “तारू सिंह, क्यों यूं ही मौत मरता है? तू ऐसा कर, मुसलमान हो जा। तेरी उम्र जवान है, लगभग 25 वर्ष। तेरा विवाह करवा देंगे, तुझे जागीर देंगे, आनंद माण। क्यों मरता है?”
भाई साहिब ने कहा, “मुझे तेरे पापों की कमाई की जरूरत नहीं। मैंने सिखी नहीं छोड़नी। यह तो केसों और स्वासों के साथ निभेगी।”
क्रोध से भरा ज़करिया बोला, “जिन बालों की गठरी को तू सिखी समझता है, इन्हें तो मैं अभी जूतियां मार-मारकर उड़ा दूंगा।”
केसों के बारे में ये अपशब्द सुनकर भाई साहिब ने कहा, “मेरी सिखी तो केसों और स्वासों के साथ ही निभेगी और तुझे नरकों तक जूती की नोक पर छोड़कर आऊंगा।”
क्रोध से भरे ज़करिया ने उसी समय नाई को बुलाया और कहा, “इसके बाल काट दो। मैं भी देखता हूं कि कैसे इसकी सिखी केसों और स्वासों के साथ निभती है।” भाई साहिब जी ने मन ही मन अरदास की और गुरु की ऐसी कला हुई कि एक भी केस न काटा जा सका।
ज़करिया ने कहा, “नाई नहीं, तो मोची को बुलाओ। इसकी खोपड़ी ही उतरवा दूंगा।” मोची आया। उसने तेज़ रंबी भाई साहिब के माथे में रखकर वार किया और खोपड़ी को केसों सहित उखाड़ दिया। खून की धाराएं चल पड़ीं। पलों में सारा शरीर लहूलुहान हो गया। खून टपकने लगा।
ज़करिया ने कहा, “सुना तारू सिंह, अब आराम है?” भाई साहिब ने कहा, “ओ पापी, तू क्या जाने कि मैं कितने आनंद में बैठा हूं।”
खून अधिक बह जाने के कारण कुछ समय बाद तारू सिंह जी बेहोश हो गए। भाई साहिब को किले के बाहर खाई में फिंकवा दिया गया। अगले दिन नवाब वहां से गुजर रहा था, तो भाई साहिब बाणी का पाठ कर रहे थे। आवाज़ सुनकर ज़करिया ने कहा, “ओए, तू अभी मरा नहीं?”
भाई साहिब ने कहा, “तुझे जूती की नोक पर साथ लेकर जाना है, इसलिए नहीं मरता।”
मिन्नत-तरला करके कुछ सिख भाई साहिब को धर्मशाला में ले गए। भाई साहिब के ज़ख्मों को साफ किया गया और सिर पर हल्का गर्म करके कड़ाह बांधा गया।
उधर पापी ज़करिया को अपने पापों का फल मिला। उसका मल-मूत्र बंद हो गया। उसे बंदिश पड़ गई। वह बहुत रोता-गिड़गिड़ाता, चीखें मारता। शाही हकीमों ने इलाज शुरू किया, पर सब बेबस होकर हाथ खड़े कर गए।
अब ज़करिया को अपनी मौत नज़दीक दिखाई देने लगी और वह समझ गया कि यह तारू सिंह की खोपड़ी उतरवाने का फल है। दुख से तड़पते हुए ज़करिया ने भाई सुबेग सिंह जी के हाथ भाई तारू सिंह जी के पास विनती भेजी, “मैं बहुत दुखी हूं, इसका कोई हल करो। मैं माफी मांगता हूं। जो आप कहेंगे, मैं करूंगा।”
भाई सुबेग सिंह जी तारू सिंह जी के पास गए और ज़करिया की ओर से विनती की। भाई साहिब जी ने कहा, “मेरे हाथ से तीर चल गया है। अब मैं कुछ नहीं कर सकता। हां, खालसा पंथ बख्शने योग्य है; यदि पंथ बख्श दे तो…”
भाई सुबेग सिंह पंथ की शरण में गए और सारी बात जाकर बताई। सिंह बहुत वीर रस में आ गए। कुछ सिंहों ने कहा कि अभी लाहौर पर हमला किया जाए और ज़करिया को सज़ा दी जाए।
सरदार सुबेग सिंह ने कहा, “ज़करिया कुछ दिनों का मेहमान है। भाई तारू सिंह जी ने प्रण किया है कि उसे जूती की नोक पर लेकर जाएंगे, पर अब शरण आए की लाज रखी जाए।”
सरदार नवाब कपूर सिंह ने कहा, “जो ज़करिया ने जुल्म कमाया है, उसका फल तो उसे मिलेगा। भाई तारू सिंह के मुख से निकले बोल सच होंगे। चाहे वह पापी है, पर शरण में आया है। इसलिए बंदिश का हल यह है कि भाई तारू सिंह की जूती ज़करिया के सिर पर लगे। तब उसका बंधन खुलेगा, और जितनी ज़ोर से लगेगी, उतना खुलकर पेशाब आएगा। इसमें भाई तारू सिंह की आज्ञा ज़रूर ले ली जाए।”
खालसा से यह वचन लेकर और सिर झुकाकर सुबेग सिंह वापस आए। वे भाई तारू सिंह जी से मिले और सारी बात बताई। भाई साहिब ने कहा, “जो पंथ ने फैसला कर दिया, वह सिर माथे।”
सुबेग सिंह भाई साहिब की जूती लेकर नवाब के पास गए और उसे बताया। मरता हुआ आदमी क्या नहीं करता? ज़करिया ने कहा, “जल्दी मारो।” जब जूती सिर पर मारी गई, तो थोड़ा-सा पेशाब खुला। ज़करिया ने कहा, “और ज़ोर से मारो।” जितनी ज़ोर से जूतियां लगतीं, उतना पेशाब खुलकर आता। ज़करिया को सांस में कुछ आराम आया। सभी बड़े हैरान थे कि यह कैसा इलाज है।
ज़करिया ने भाई साहिब जी से बार-बार माफी मांगी। सिखों पर लगी सारी पाबंदियां हटा दीं। चरखड़ियां उखड़वा दीं। कैद सिखों को आज़ाद कर दिया। जब भी पेशाब का ज़ोर पड़ता, सिर पर जूतियां लगतीं और पेशाब आता। कुछ दिन इसी तरह चले। इस तरह जूतियां खाते-खाते आखिर ज़करिया नरकों को चला गया।
उधर भाई साहिब जी को पता चला कि ज़करिया चला गया है। भाई साहिब जी ने स्नान किया, जपुजी साहिब का पाठ किया और सारी संगत को आखिरी फतेह बुलाई। इस तरह भाई तारू सिंह जी ने खोपड़ी उतरने के 22 दिन बाद शहादत प्राप्त की। सभी हैरान थे। भाई तारू सिंह जी ने कहा था कि मैं उसे जूती की नोक पर लेकर जाऊंगा, इसलिए उनका एक-एक बोल सच हुआ।
भाई तारू सिंह जी का अंतिम संस्कार किया गया। जिस स्थान पर भाई साहिब की खोपड़ी उतारी गई थी, वहां भाई साहिब जी की याद में शहीदी स्थान बना हुआ है, जो लाहौर के दिल्ली गेट की तरफ स्टेशन के नज़दीक है।
भाई साहिब भाई तारू सिंह जी की महान शहादत को कोटि-कोटि नमन।
नोट: कुछ लिखतों के अनुसार भाई तारू सिंह जी 24 दिन जीवित रहे और भाई साहिब की खोपड़ी उतारने से पहले उन्हें चरखड़ी पर भी चढ़ाया गया।
बाकी जो लोग खुद पैसे देकर केस कटवाते हैं, उन्हें चाहिए कि एक बार भाई तारू सिंह जी की शहादत का प्रसंग पढ़कर अपने अंदर झांकें। बाबा मेहर करे।
मेजर सिंह
गुरु कृपा करे
0 likes
comments
Join the conversation
Loading comments…